फरीदाबाद: दुबई में जीता था लग्जरी लाइफ, टेनिस प्लेयर के साथ चलाता है कंपनी... जानें कौन है अरबपति ठग भूपेश अरोड़ा
पुलिस गिरफ्त में आया अरबपति साइबर ठग भूपेश अरोड़ा दुबई में लग्जरी लाइफ जीता है। जांच में मिली जानकारी के अनुसार भूपेश देश के जाने माने टेनिस खिलाड़ी के साथ पार्टनरशिप में कंपनी भी चलाता है। वह दुबई में ही वर्ल्ड टेनिस लीग भी करवा चुका है। इतना ही नहीं दुबई में शेख के हाथों भारत इंटरनैशनल अवॉर्ड भी ले चुका है। इसके अलावा वह बॉलिवुड के कई सितारों, सिंगरों और क्रिकेटर से भी संपर्क में है। पुलिस की मानें तो आरोपी बॉलिवुड में भी किस्मत अजमाने की योजना बनाई थी। वह दुबई में फोर स्टार होटल किराये पर चलता है। उसके होटल में ज्यादातर भारत, पाकिस्तान, नेपाल समेत एशियाई देशों की जानी मानी हस्तियां रुकती थीं। उनसे ये अपने होटल में शुक्रवार और शनिवार की रात आर्टिस्ट नाइट कार्यक्रम कराता था। जिसके बदले ये उनको अच्छी खासी रकम भी देता था।
पुलिस इसके अपराधों की कुंडली खंगाल रही है। बता दें कि साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने दिल्ली के रोहिणी निवासी अरबपति साइबर ठग भूपेश अरोड़ा को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पुलिस ने इसे फरीदाबाद के सेक्टर-88 निवासी व्यक्ति से शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 2 करोड़ 2 लाख रुपये से अधिक की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया है।
दुबई के होटल में हुक्का बार चलाता है ठग
दो करोड़ से अधिक की ठगी मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मोहित ने बताया कि आरोपी भूपेश अरोड़ा दुबई में लवेंडर होटल लीज पर लेकर चलाता है। इस होटल से प्रतिमाह करीब 45 से 50 लाख रुपये कमाता है। उसके होटल में हुक्का बार और नाइट क्लब भी चलते हैं। भूपेश ने होटल की विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर रखा है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में देश के एक दर्जन राज्यों से अब तक इसके खिलाफ 33 केस सामने आ चुके हैं। संबंधित राज्यों की पुलिस से संपर्क कर इसकी कुंडली तैयार की जा रही है।
अब बॉलिवुड में अजमाना चाहता था किस्मत
जांच अधिकारी ने बताया कि अरबपति ठग भूपेश बॉलिवुड में भी अपनी किस्मत अजमाना चाहता था। इसके लिए वह बॉलिवुड के सितारों के संपर्क में था। अधिकारी की मानें तो एक दो गानों को भी इसने प्रोड्यूज कर रखा है। उन्होंने बताया कि इसके इंस्टाग्राम पर करीब 20 हजार फालोअर्स हैं। इसने अब तक 88 पोस्ट शेयर की है, जिसमें कई जाने माने क्रिकेटर, फिल्मी स्टार और टीवी दुनिया की अभिनेत्रियां शामिल हैं। इन सभी के साथ भूपेश की तस्वीरे हैं।
दो दिन आयोजित करता था आर्टिस्ट नाइट
जांच अधिकारी ने बताया कि भूपेश देश के जाने माने टेनिस खिलाड़ी के साथ पार्टनरशिप में कंपनी खोलकर वर्ल्ड टेनिस लीग भी करवा चुका है। यूएई के शेखों को अपने होटल में बुलाकर उनका मनोरंजन करवाता था। होटल में रोका फाल्स के नाम से नाइट क्लब भी चलाता है। पुलिस का दावा है कि ठग हर शुक्रवार और शनिवार को आर्टिस्ट नाइट आयोजित कराता था जिसमें लोगों को आर्टिस्टों से मिलने का मौका मिलता था। उन्होंने बताया कि पुलिस अब ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जो 33 केस इसके खिलाफ दर्ज हैं उसमें कितने रुपयों का फ्रॉड किया है।
#VSKNEWS
No comments:
Post a Comment