नई दिल्ली: आजादी के बाद की गलतियों को अब सुधारा जा रहा...नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा के अनावरण पर बोले पीएम मोदी - VSK News

Breaking

||*** स्वागत है आप का VSK News पोर्टल में || VSK News पोर्टल तक अपनी बात Email: Newsvsk@gmail.com / WhatsApp @ +91-7296065336 के जरिये पहुचाए *** ||

Post Top Ad

Sunday, January 23, 2022

नई दिल्ली: आजादी के बाद की गलतियों को अब सुधारा जा रहा...नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा के अनावरण पर बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली: आजादी के बाद की गलतियों को अब सुधारा जा रहा...नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा के अनावरण पर बोले पीएम मोदी 

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर इंडिया गेट पर उनकी होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया। ग्रेनाइट से निर्मित एक प्रतिमा तैयार होने पर वह होलोग्राम प्रतिमा की जगह लेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व में कहा था कि यह प्रतिमा स्वतंत्रता संग्राम में बोस के अतुलनीय योगदान के लिए एक उपयुक्त श्रद्धांजलि होगी। कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद देश की संस्कृति और संस्कारों के साथ ही अनेक महान व्यक्तित्वों के योगदान को मिटाने का काम किया गया लेकिन आज देश उन गलतियों को ठीक कर रहा है।

होलोग्राम प्रतिमा को 30,000 लुमेन 4के प्रोजेक्टर से संचालित किया जाएगा। इस प्रतिमा का आकार 28 फुट ऊंचा और 6 फुट चौड़ा है। एक अदृश्य 90 प्रतिशत पारदर्शी होलोग्राफिक स्क्रीन इस तरह से लगाई गई है कि यह आगंतुकों को दिखाई नहीं देती। सरकार ने कहा है कि होलोग्राम का प्रभाव पैदा करने के लिए उस पर नेताजी की थ्रीडी तस्वीर लगाई जाएगी।

इस मौके पर पीएम बोले कि जिन्होंने भारत की धरती पर पहली आजाद सरकार को स्थापित किया था, हमारे उन नेताजी की भव्य प्रतिमा आज डिजिटल स्वरूप में इंडिया गेट के समीप स्थापित हो रही है। जल्द ही इस होलोग्राम प्रतिमा के स्थान पर ग्रेनाइट की विशाल प्रतिमा भी लगेगी।

नेताजी के कथनों को किया याद
पीएम मोदी ने कहा कि नेताजी कहते थे कि कभी भी स्वतंत्र भारत के सपने का विश्वास मत खोना, दुनिया की कोई ताकत नहीं है जो भारत को झकझोर सके। आज हमारे सामने आजाद भारत के सपनों को पूरा करने का लक्ष्य है। हमारे सामने आजादी के सौंवे साल से पहले नए भारत के निर्माण का लक्ष्य है।

पीएम ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव का संकल्प है कि भारत अपनी पहचान और प्रेरणाओं को पुनर्जीवित करेगा। ये दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद देश की संस्कृति और संस्कारों के साथ ही अनेक महान व्यक्तित्वों के योगदान को मिटाने का काम किया गया।

डंके की चोट पर ठीक कर रहे गलतियां
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमें नेताजी बोस के ‘कैन डू’ और ‘विल डू’ की भावना से प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना है।’ मोदी बोले, ‘स्वाधीनता संग्राम में लाखों-लाख देशवासियों की तपस्या शामिल थी लेकिन उनके इतिहास को भी सीमित करने की कोशिशें हुईं। पर आज आजादी के दशकों बाद देश उन गलतियों को डंके की चोट पर ठीक कर रहा है।’

प्रधानमंत्री ने अलंकरण समारोह में वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए ‘सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार’ भी प्रदान किए। समारोह के दौरान कुल सात पुरस्कार प्रदान किए गए। केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत में लोगों और संगठनों के अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा को पहचान देने और सम्मानित करने के लिए वार्षिक पुरस्कार की शुरुआत की है.

इस दौरान पीएम ने राहत और बचाव कर्मियों के योगदान को भी सराहा। उन्‍होंने कहा, 'हमने रिलीफ, रेस्क्यू और रिहैबिलिटेशन पर जोर देने के साथ ही रिफॉर्म पर भी बल दिया है। हमने NDRF को मजबूत किया, उसका आधुनिकीकरण किया, देश भर में उसका विस्तार किया। स्पेस टेक्नोलॉजी से लेकर प्लानिंग और मैनेजमेंट तक, बेस्ट पॉसिबल प्रैक्टिस को अपनाया गया।'

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। उन्‍होंने कहा कि नेताजी की 125वीं जयंती पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा लगाने का निर्णय मोदी जी ने लिया है। ये प्रतिमा देश की आने वाली पीढ़ियों को पराक्रम, देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देगी। ये प्रतिमा देश के करोड़ों लोगों के मन के भाव की अभिव्यक्ति होगी।
#VSKNEWS

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

,,,,,,