बिहार: रोहतास: वीडियो कॉल पर ऑपरेशन, गर्भवती महिला की मौत: बिहार में फर्जी डॉक्टर की करतूत से हड़कंप
रोहतास जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक फर्जी डॉक्टर ने वीडियो कॉल पर ऑपरेशन करके एक गर्भवती महिला की जान ले ली। महिला के परिवार वालों का कहना है कि डॉक्टर ने वीडियो कॉल पर किसी और से बात करते हुए ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। इस घटना ने बिहार के स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गर्भवती संगीता देवी को अस्पताल में कराया गया था भर्ती
घटना रोहतास जिले के काराकाट इलाके में हुई। संगीता देवी नाम की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई। परिवार वाले उन्हें पीएमसी काराकाट ले गए। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत देखकर उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। तभी एक आशा कार्यकर्ता ने परिवार को बहकावे में ले लिया। वह उन्हें एक प्राइवेट क्लिनिक पर ले गई।
ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत
परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर राजदेव लगातार वीडियो कॉल पर किसी और डॉक्टर से बात कर रहे थे। वह उसी के बताए अनुसार ऑपरेशन कर रहे थे। वीडियो कॉल पर मौजूद डॉक्टर ने संगीता की हालत गंभीर देखकर उन्हें कहीं और भर्ती कराने को कहा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। संगीता की मौत हो गई। हालांकि, ऑपरेशन के दौरान बच्चे की जान बच गई।
महिला की मौत के बाद क्लिनिक छोड़कर भागे डॉक्टर-कर्मचारी
महिला की मौत के बाद डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारी क्लिनिक छोड़कर भाग गए। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि डॉक्टर की लापरवाही की वजह से संगीता की जान गई।
फर्जी क्लिनिक सील
इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। सिविल सर्जन के आदेश पर फर्जी क्लिनिक को सील कर दिया गया है। मामले की जांच चल रही है। पुलिस डॉक्टर राजदेव और अस्पताल के कर्मचारियों की तलाश कर रही है।
#VSKNEWS
No comments:
Post a Comment